जमानिया। थाना क्षेत्र के जीवपुर गांव में शनिवार की देर रात नहर पुलिया के पास दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसमें एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की मां ने रविवार को कोतवाली में तहरीर दी और नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहरीर के अनुसार, जीवपुर निवासी कृष्णा यादव शनिवार की रात अपने साथी विकास डोम के साथ ढढनी बाजार से घर लौट रहा था। जब दोनों नहर पुलिया सब्बलपुर के पास पहुंचे, तभी गांव के ही कुछ लोगो ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान विकास डोम पर हमला कर दिया गया, और जब कृष्णा यादव बीच-बचाव करने लगा तो विलायी डोम ने उस पर बंके से प्रहार कर दिया। हमले में कृष्णा यादव गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। साथी विकास डोम किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल की मां झूनिया देवी ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




