
जमानिया। आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने बुधवार को नगर स्थित विभिन्न बैंकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने भारतीय स्टेट बैंक और यूनियन बैंक की शाखाओं में पहुंचकर सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की।
पुलिस कर्मियों ने बैंक परिसर के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति जांची और यह सुनिश्चित किया कि सभी कैमरे क्रियाशील मोड में हैं। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति के लिए लगाए गए सायरन और अलार्म सिस्टम की कार्यप्रणाली को भी परखा गया। सुरक्षा में तैनात कर्मियों के ड्यूटी रजिस्टर की गहनता से जांच की गई और उन्हें मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। बैंक एवं एटीएम के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े व्यक्तियों से पूछताछ की गई और संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों की तलाशी ली गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बैंक शाखाओं में सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी तरह की अनहोनी या आपराधिक घटना को रोकना है। उन्होंने बैंक प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए कि वे सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह कटिबद्ध है और इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।



