अनियंत्रित ट्रक ने तोड़ा पुलिस चौकी का बाउंड्रीवाल,बाल बाल बचा गार्ड

जमानिया। कस्बे में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। मलसा ढढ़नी से सैयदराजा की ओर जा रहा एक 12 चक्का ट्रक देर रात करीब 11 बजे स्टेशन पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही स्पीड ब्रेकर मे उछल कर अनियंत्रित हो गया और चौकी का मुख्य गेट तथा बाउंड्रीवाल तोड़ते हुए सीधे अंदर घुस गया।
हादसे के समय चौकी प्रभारी अशोक सिंह समेत सभी पुलिसकर्मी गश्त पर थे, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। खास बात यह रही कि चौकी के गेट पर आमतौर पर एक गार्ड खड़ा रहता है, लेकिन संयोगवश घटना के वक्त वह चौकी के अंदर था, जिससे उसकी भी जान बच गई। हादसे में पुलिस चौकी का मेन गेट और बाउंड्रीवाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुबह जेसीबी मंगवाकर ट्रक को हटवाया और मार्ग को साफ कराया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है । उच्चाधिकारियों को हादसे की सूचना दे दी गई है और पुलिस चौकी के टूटे हुए गेट और बाउंड्री वॉल की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराने की प्रक्रिया चल रही है।




