उत्तर प्रदेशक्राइमगाजीपुर

भाजपा नेता से दुर्व्यवहार के आरोप में दो पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र में भाजपा नेता से कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सख्त रुख अपनाते हुए दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद दोनों पुलिसकर्मी गाजीपुर पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिए गए हैं। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में आरक्षी चालक अजीत यादव और आरक्षी सत्येंद्र कुमार शामिल हैं। यह कार्रवाई बोगना गांव निवासी भाजपा भोजापुर मंडल उपाध्यक्ष खुशनारायन सिंह की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 11 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे थाना परिसर में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के दौरान दोनों आरक्षियों ने उनके साथ बिना किसी कारण दुर्व्यवहार किया।
भाजपा नेता का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें थाने से बाहर चले जाने को कहा। घटना के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
भाजपा भोजापुर मंडल अध्यक्ष प्रांशु सिंह सोनू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद जिला स्तर के भाजपा पदाधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पुलिसकर्मियों पर पहले भी दुर्व्यवहार के आरोप लगते रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page