
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में जनपद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और खासकर जंगीपुर, मरदह और विरनो थाने के अन्तर्गत विभिन्न गांवों में लगातार हो रही भीषण चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग किया। जंगीपुर विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने इन घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है।जनपद में आपराधिक घटनाओं की बाढ़ आ गयी है। अपराधियों में न कानून का भय है न पुलिस का खौफ। अपराधी बेखौफ होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने विरनो थाने में लगातार सात घरों मरदह क्षेत्र में पांच घरों में हुई भीषण चौरी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा इन चोरी की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत है, चोरी के डर से लोगों की नींद हराम है। इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष अरूण कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य पारस नाथ यादव,पंकज यादव,रामबरत यादव, कन्हैया यादव,प्रभु नाथ राम आदि मौजूद थे।



