
जमानियां,गाजीपुर। तहसील क्षेत्र के गड़ही गांव के सीवान में सोमवार की दोपहर करीब 3 बजे हाईवोल्टेज विद्युत लाइन के शॉर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में गड़ही और बूढ़ाडीह गांव के तीन किसानों की लगभग एक बीघा फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई, जिससे पीड़ित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और उससे निकली चिंगारी सूखी फसल पर जा गिरी। तेज हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें उठती देख गड़ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कृष्णानंद कुशवाहा ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। हालांकि, फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और अपनी जान जोखिम में डालकर पंपिंग सेट व मिट्टी की मदद से आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की मुस्तैदी से आग को अन्य खेतों में फैलने से रोक लिया गया, वरना नुकसान का आंकड़ा और बढ़ सकता था। इस हादसे में गड़ही निवासी कमलेश कुशवाहा और दलचंद तथा बूढ़ाडीह निवासी बुधिराम की कुल ड़ेढ बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर बर्बाद हो गई। पीड़ित किसानों ने बताया कि साल भर की मेहनत और जमापूंजी इस फसल में लगी थी, जो चंद मिनटों में राख हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर रोष व्यक्त करते हुए पीड़ित किसानों को उचित मुआवजे की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार रामनरायण वर्मा ने बताया कि हल्का लेखपाल द्वारा मौका मुआयना किया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



