अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन

गाजीपुर के जमानिया नगर पालिका के सभागार में अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नगर क्षेत्र की आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, समूह की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महान शासिका और समाज सुधारक रानी अहिल्याबाई होलकर के 300 वें जन्मोत्सव को गरिमामय ढंग से मनाना और उनके योगदान को जन-जन तक पंहुचना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय जी थे। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की प्रतीक,देवी अहिल्याबाई होलकर ने ही बाबा विश्वनाथ के मंदिर को वर्तमान स्वरूप देने का काम किया था। राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए देश के लोगों को कर्तव्यपथ की दिशा दिखाने के लिए देवी अहिल्या जी को देश हमेशा याद रखेगा। नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि राजतंत्र में लोकतंत्र की चेतना से दीप्त राजमाता का शासन काल आज भी सुराज और सुशासन के लिए एक आदर्श मानक है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर वर्मा, कार्यक्रम के संयोजक पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता,, महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष पुष्पा निषाद,ज्योत्सना कुशवाहा, सुमन मौर्य,मीडिया प्रभारी संजीत यादव सहित कई अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे।