ग्राम न्यायालय का छमाही निरीक्षण, जिला जज ने व्यवस्थाओं पर जताई संतुष्टि, अधिवक्ताओं ने सौंपा मांग पत्र
जमानिया। तहसील प्रांगण में स्थित ग्राम न्यायालय का सोमवार को सुबह करीब 10:45 बजे जिला जज धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा छमाही निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय में पत्रावलीयों के रख-रखाव, सुनवाई की नियमितता, और कर्मचारियों की उपस्थिति आदि का अवलोकन किया। न्यायिक कार्यों की प्रगति पर उन्होंने संतोष जताया और कहा कि न्यायालय की कार्यप्रणाली संतुलित और व्यवस्थित ढंग से चल रही है।
निरीक्षण के दौरान जमानिया बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने जिला जज को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें ग्राम न्यायालय में दूसरे न्यायालय कक्ष तथा अतिरिक्त शौचालय व न्यायिक अधिकारी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि न्यायालय में मुकदमों की संख्या निरंतर बढ़ रही है और एक ही न्यायालय कक्ष में सभी कार्य संचालन से व्यवहार में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। ज्ञापन के माध्यम से यह भी अवगत कराया गया कि आदेशों की त्वरित नकल प्राप्त करने हेतु गाजीपुर जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है, जिससे वादकारियों को समय और संसाधन दोनों की हानि होती है। मांग की कि एक और न्यायिक अधिकारी की नियुक्ति व व्यवस्थागत सुदृढ़ीकरण आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान न्यायिक अधिकारी अमित कुमार, पेशकार सुजीत कुमार, स्टोनो दीपक कुमार‚ अधिवक्ता अमरनाथ, मेराज हसन, सुनील कुमार, फैसल होदा, कमल कान्त राय‚ राकेश सिंह‚ बृजेश सिंह‚ मुनेश कुमार‚ अरविन्द सिह सहित कई अधिवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



