चाचा शिवपाल को अलग से हेलीकॉप्टर कहा से देते,नीतीश दिखावटी दूल्हे-अखिलेश यादव

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गाजीपुर पहुंचे। उनके साथ चाचा शिवपाल यादव और गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी भी मौजूद थे।
अखिलेश यादव ने बिहार चुनाव में I.N.D.I.A ब्लॉक की जीत का दावा करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ही मुख्यमंत्री बनेंगे और सपा उनके साथ है। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार तो बिहार में सिर्फ दिखावटी दूल्हे हैं, समय आने पर भाजपा उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। महाराष्ट्र में भी ऐसा ही हुआ था।
चाचा शिवपाल यादव का बिहार चुनाव के स्टार प्रचारकों की सूची से नाम हटाने पर अखिलेश ने कहा हमारे पास सीमित संसाधन हैं, उनके लिए अलग से हेलीकॉप्टर का इंतजाम कहां से करते। चंदा तो आप लोग दे नहीं रहे। सपा मुखिया सैदपुर के रामपुरमांझा में सपा विधायक अंकित भारती की शादी के रिसेप्शन में शामिल हुए। विधायक अंकित भारती ने नैनीताल में 16 अक्टूबर को एमबीए की छात्रा अंबिका मित्तल से विवाह किया था। अंबिका मुजफ्फरनगर की रहने वाली हैं और पिता के साथ कारोबार संभालती हैं।
अखिलेश यादव और शिवपाल यादव ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की।
अखिलेश यादव के बयान की बड़ी बातें:
योगी को मोह-माया से दूर रहना चाहिए:
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा कि कोई योगी जैसे कपड़े पहनने से योगी नहीं हो जाता। योगी को मोह-माया से दूर रहना चाहिए। अब उनकी फिल्म भी फ्लॉप हो गई, नहीं चली। सुना है अब वो फिल्म अमेरिका में दिखाई जाएगी।
एसआईआर पर हमला, बीएलओ में पिछड़े और मुस्लिम नहीं:
अखिलेश यादव ने एसआईआर को अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि “चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिला हुआ है। एक भी बीएलओ पीडीए का नहीं है। पिछड़े और मुस्लिम बीएलओ कहां हैं?
ट्रंप ने पीएम मोदी को ‘किलर’ कहा:
अखिलेश ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति ने भारत पर टैरिफ बढ़ा दिया और अब पीएम मोदी को ‘किलर’ बता दिया है। यह बहुत बुरी बात है। अमेरिका अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहा है, जबकि भारत पर टैरिफ पर टैरिफ लगाया जा रहा है। यहां बनारस को क्योटो बनाने की बात हो रही थी, क्या बन पाया?
उन्होंने सिद्धार्थनगर के पूर्व विधायक के 2 के बदले 10 मुस्लिम लड़कियों वाले बयान को शर्मनाक बताया।




