
जमानिया (गाजीपुर)। क्षेत्र के नवांकुरित युवा कलाकारों को शास्त्रीय संगीत व वादन की शिक्षा प्राप्त करने के अन्यत्र भाग-दौड़ नहीं करना पड़ेगा। उनकी सुविधाओं के दृष्टिगत स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित प्रो किड्स एकेडमी के प्रांगण में शुक्रवार को स्वर साधना केन्द्र का शुभारम्भ फीता काट कर व माँ सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया।
ज्ञात हो कि स्वर साधना केन्द्र के खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के कलाकारों को सीखने व गायन करने का एक बड़ा प्लेटफार्म मिल जायेगा, जिससे प्रशिक्षित कलाकार समृद्ध होकर क्षेत्र सहित राज्य का नाम रोशन कर सकेंगे।
शिक्षक वरुण दूबे ने बताया कि इस केन्द्र पर हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत गायन एवं वादन की शिक्षा अनुभवी संगीतज्ञों द्वारा दी जायेगी साथ-साथ ही सीबीएससी, यूपी बोर्ड, टीजीटी और पीजीटी की परीक्षाओं के लिए भी शिक्षार्थियों को योग्य बनाया जायेगा। जिससे वे प्रतियोगिता परीक्षा पास पर अपना जीवन बेहतर बना सकेगे। युवा कलाकारों को विशुद्ध भोजपुरी संगीत की भी शिक्षा देने सहित विभिन्न वाद्य यन्त्रों यथा हारमोनियम, तबला, पियानों, सितार, गिटार ढोलक, बैंजो, ऑक्टापैड का भी प्रशिक्षण दिया जायेगा। जिससे प्रदेश की कला व संस्कृति को बल मिल सके। उक्त मौके पर शिक्षक एसएन साहनी, विमलेश कुमार उपाध्याय, गणेश राय, प्रमोद यादव, अनिल निषाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




