
जमानिया। खनन पर अंकुश लगाने के लिए तहसील प्रशासन लगातार सक्रिय है। शनिवार को मंझरिया‚ खलिलनचक और देवरियां गांवों में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने चार ट्रैक्टर और दो रैपर को सीज कर दिया।
तहसीलदार राम नारायण वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई है। क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम नायब तहसीलदार जितेन्द्र कुमार, लेखपाल सुभष, अरूण कुमार सिंह आदि के साथ मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खनन कार्य में लगे एक ट्रैक्टर और रैपर को मंझरिया गांव और खलिनलचक गांव से जब्त कर लिया गया। जबकि देवरिया गांव में दो ट्रैक्टर में मिट्टी लादते हुए पकडा गया है। जब्त ट्रैक्टर और रैपर को पुलिस के सुपुर्द किया गया है। उन्होंने बताया कि खनन माफियाओं के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और किसी को भी अवैध खनन करने की छूट नहीं दी जाएगी। इस दौरान टाली और जेसीबी के संचालन पर भी नजर रखी जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती की सराहना की है। तहसील प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आगे भी छापेमारी जारी रहेगी और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




