8 सूत्री मांगों को लेकर लेखपाल संघ की स्थानीय इकाई ने किया शांतिपूर्ण धरना

जमानिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की स्थानीय इकाई ने सोमवार को तहसील प्रांगण में शनिवार को शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर अपनी आठ सूत्रीय मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। बाद में लेखपालों ने अपनी समस्याओं से जुड़ा ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए संघ के तहसील अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि प्रारम्भिक वेतनमान का उच्चीकरण, एसीपी विसंगतियों का समाधान, पदनाम परिवर्तन, पेंशन विसंगति दूर करना, पदोन्नति के अवसर बढ़ाना, भत्तों में वृद्धि, अंतर्मंडलीय स्थानांतरण व्यवस्था तथा राजस्व पुलिस चौकी की स्थापना जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों के पूरा होने से राजस्व व्यवस्था अधिक सुदृढ़ और प्रभावी हो सकेगी। उन्होंने कहा कि लेखपाल लगातार फील्ड में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं का निराकरण सरकार को प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। लेखपालों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र विचार नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे और मांगों के जल्द समाधान की अपील की। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश भर में चरणबद्ध आंदोलन जारी है। जिसके बाद उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया को लेखपालों ने आठ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रमेश राम, तहसील मंत्री मंतोष सिंह, विकास यादव, विजय कुमार, रविकांत भारती, शिवाकांत राय, शिव महिमा, शिव प्रकाश पाल, मुन्ना कुमार, सैयद तौकीर हसन, वकार खान, राजकुमार, नितेश यादव, शिल्पा सिंह, शालिनी राय सहित बड़ी संख्या में लेखपाल उपस्थित रहे। धरना शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।




