
जमानिया। क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस की ‘यूपी 112’ परियोजना के तहत नुक्कड़ नाटकों का आयोजन तहसील मुख्यालय के पास स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने कला के माध्यम से ग्रामीणों को आपातकालीन सेवाओं और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग किया।
आयोजित नुक्कड़ नाटक के दौरान कलाकारों ने घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटना और साइबर ठगी जैसे विषयों पर सजीव प्रस्तुति दी। नाटक के जरिए बताया गया कि कैसे सजग रहकर बड़ी घटनाओं को टाला जा सकता है। पुलिस टीम ने महिलाओं और बच्चों को 1090 (वूमेन पावर लाइन) और 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने क्षेत्र के उन संभ्रांत नागरिकों और युवाओं को सम्मानित किया, जो सामाजिक कार्यों और पुलिस की सहायता में आगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय ही अपराध मुक्त समाज की नींव है। किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना या अपराध की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दें। पुलिस की पीआरवी (PRV) कम से कम समय में मौके पर पहुँचकर सहायता सुनिश्चित करती है। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस बल मौजूद रहा।
112 केवल एक नंबर नहीं, बल्कि संकट के समय आपका सबसे करीबी साथी है। लोग बिना किसी हिचक के पुलिस को सूचना दें, आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। — रामसजन नागर, प्रभारी निरीक्षक जमानिया।




