
जमानिया। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत प्री-प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को बीआरसी प्रांगण में ब्लॉक स्तरीय “हमारा आंगन हमारे बच्चे” उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार और अन्य विभागीय अधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर जोर समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम ज्योति चौरसिया ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों से अभिभावकों को अवगत कराना है। उन्होंने जोर दिया कि कक्षा एक से तीन तक के बच्चों के लिए निर्धारित अधिगम लक्ष्यों (Learning Goals) को प्राप्त करना अनिवार्य है। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों और प्रतिभागियों को शपथ दिलाई कि वे 3 से 8 वर्ष के बच्चों का आयु के अनुसार आंगनबाड़ी या विद्यालयों में नामांकन कराएं, उन्हें प्रतिदिन स्कूल भेजें और उनके गृह कार्य व प्रगति की नियमित जानकारी लें। खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि यह उत्सव पूर्व-प्राथमिक और प्राथमिक विद्यालयों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने का एक सशक्त माध्यम है। इसका लक्ष्य बच्चों में भाषा और गणित की बुनियादी समझ विकसित करना है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि समुदाय और अभिभावकों की जागरूकता से ही निपुण भारत का सपना साकार होगा। उत्सव के दौरान पठन-पाठन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।




