जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के देवढ़ी गांव में अवैध खनन के इरादे से एक रिटायर फौजी के खेत में लहलहाती गेहूं की फसल को जेसीबी मशीन से नष्ट कर दिया गया। स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद लगभग एक महीने तक कोई कार्रवाई न किए जाने पर, पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के दरबार में न्याय की गुहार लगाई। एसपी के सख्त निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस हरकत में आई और आरोपी के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।
देवढ़ी गांव निवासी और भारतीय सेना से सेवानिवृत्त जवान हरिद्वार सिंह ने बताया कि सेना से रिटायर होने के बाद वे गांव में ही रहकर अपना कृषि कार्य करते हैं। उन्होंने अपने खेत में गेहूं की फसल बोई थी। आरोप है कि दाऊदपुर गांव निवासी रामप्यारे सिंह ने अवैध खनन करने की नीयत से उनके खेत में जबरन जेसीबी मशीन घुसा दी और पूरी गेहूं की फसल को रौंद कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित हरिद्वार सिंह के अनुसार, इस दबंगई और फसल नुकसान की लिखित शिकायत उन्होंने 30 जनवरी 2026 को ही कोतवाली में दे दी थी। लेकिन स्थानीय कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कई दिनों तक कोई भी कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से निराश और क्षुब्ध होकर पीड़ित ने 24 फरवरी को गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया और न्याय की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने एक पूर्व सैनिक की शिकायत और मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी को तत्काल मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी रामप्यारे सिंह के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।



