ट्रक से आटे की बोरियां, डीजल और सात हजार रुपये गायब, चालक पर साथियों संग चोरी का आरोप

जमानियां (गाजीपुर)। ट्रक में लदी आटे की बोरियां, डीजल और नकदी गायब होने का मामला सामने आया है। ट्रक मालिक ने चालक पर अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चालक अपने सहयोगियों के साथ ट्रक से आटा निकालकर चार पहिया वाहन में लादते दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मलेठी चट्टी निवासी ट्रक मालिक सोनू यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 17 अक्टूबर 2026 को उनका ट्रक इलाहाबाद गुवाहाटी ट्रांसपोर्ट से आटा लेकर गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ था। आरोप है कि उसी दिन ट्रक चालक वीरेंद्र यादव निवासी पुरैना, धरम्मरपुर, करंडा ने जमानियां स्थित गंगा फ्रेंड होटल के पास ट्रक खड़ा कर दिया और फोन कर घर जाने की बात कही। ट्रक मालिक के मना करने पर चालक ने दशहरा बीतने के बाद ट्रक लेकर जाने की बात कही।
सोनू यादव के अनुसार, 21 अक्टूबर को चालक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। संदेह होने पर उन्होंने अपने छोटे भाई विवेक यादव को ट्रक की जानकारी लेने के लिए मौके पर भेजा। वहां पहुंचने पर ट्रक में लदा आटा गायब मिला।
इसके बाद ट्रक मालिक मौके पर पहुंचे और होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पीड़ित का आरोप है कि फुटेज में ट्रक चालक अपने अन्य साथियों के साथ चार पहिया वाहन से पहुंचकर ट्रक से आटे की बोरियां निकालकर उसमें लादता दिखाई दिया। आरोप यह भी है कि ट्रक से डीजल और रोड खर्च के लिए दिए गए सात हजार रुपये नकद भी गायब हैं।
पीड़ित ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर चालक समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।इस संबंध में प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है जांच की जा रही है।



