वाराणसी में भीषण आग, कई दुकानें और होटल चपेट में
वाराणसी ।नगर के मदनपुरा स्थित बंगाली टोला इलाके में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में कई दुकानें और ऊपर स्थित गेस्ट हाउस आ गए। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक, आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित झाड़ू, पेंट और पैकिंग मटेरियल की दुकान से शुरू हुई। पेंट और केमिकल के कारण आग तेजी से फैल गई और पहली मंजिल पर स्थित ज्वैलरी की दुकान समेत आसपास के प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग का धुआं करीब तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना पर दमकल की पांच से छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रेस्क्यू टीम ने सीढ़ी की मदद से इमारत में फंसे एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, जान बचाने के लिए एक व्यक्ति को रेलिंग के सहारे बगल की इमारत में कूदना पड़ा।
फिलहाल, आग से हुए कुल नुकसान और घटना के कारणों का आकलन किया जा रहा है।



