जमानियां में सभासदों का अनोखा विरोध, चेयरमैन की सद्बुद्धि के लिए किया हवन

18वें दिन भी जारी रहा धरना, अहंकार, तानाशाही और उदासीनता की आहुति देकर जताया विरोध
जमानियां (गाजीपुर)। विभिन्न मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद कार्यालय परिसर में सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 18वें दिन भी जारी रहा। विरोध के क्रम में धरनारत सभासदों ने नगर पालिका अध्यक्ष की सद्बुद्धि के लिए हवन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित हवन में सभासदों ने प्रतीकात्मक रूप से अहंकार, क्रोध, तानाशाही, जनता के प्रति उदासीनता और सभासदों की ओर से प्रस्तावित विकास कार्यों की कथित अनदेखी की आहुति देकर अपना विरोध जताया।
सभासदों ने हाथों में पोस्टर लेकर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। उनका आरोप है कि नगर पालिका अध्यक्ष अपने पद का दुरुपयोग करते हुए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को कथित तौर पर निजी बैठकों और धार्मिक आयोजनों में ले जा रहे हैं। इससे नगर पालिका के नियमित कार्य और जनता से जुड़े काम प्रभावित हो रहे हैं।
धरनारत सभासदों ने कहा कि प्रशासनिक निर्देशों और नगर पालिका बोर्ड के फैसलों की कथित अनदेखी गंभीर मामला है। उन्होंने कर्मचारियों की तैनाती, उनके कार्यों और जिम्मेदारियों का पूरा विवरण सार्वजनिक करने के साथ ही पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराने की मांग उठाई।
सभासदों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। आंदोलन के 18वें दिन भी सभासदों ने एकजुटता दिखाते हुए पालिका प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जारी रखा।
ये सभासद रहे मौजूद: प्रमोद यादव, सुरेंद्र चौधरी साहू, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, राजा बाबू, आशीम खां, रजनीकांत उपाध्याय, मनीष यादव, शिवबचन सिंह यादव, उमराव यादव, आमिर उर्फ गोलू, अरशद सहित अन्य सभासद मौजूद रहे।



