श्री बापू विद्यालय में पर्यावरण जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प

वन क्षेत्राधिकारी जयशंकर वर्मा बोले- पौधा लगाना ही नहीं, उसे वृक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी
जमानिया (गाजीपुर)। ग्राम पंचायत पचोखर स्थित श्री बापू विद्यालय हाईस्कूल में शुक्रवार को पर्यावरण जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और पौधों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि जमानिया वन क्षेत्राधिकारी जयशंकर वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधे लगाकर फोटो खिंचवाना आसान है, लेकिन एक बच्चे की तरह उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाना ही वास्तविक जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण के साथ उनका नियमित रखरखाव भी बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में उपस्थित सेवानिवृत्त सैनिक नायब सूबेदार अशोक कुमार पाण्डेय, लेफ्टिनेंट मेजर श्याम सुंदर गुप्ता और नायब सूबेदार मैनेजर सिंह ने विद्यार्थियों को ‘पेड़ ही जीवन का मंत्र’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र कुमार के नेतृत्व में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक वट वृक्ष की स्मृति में विद्यालय परिसर में वट वृक्ष का पौधा रोपित किया गया। वन अधिकारी रविकांत और समाजसेवी इंजीनियर पुष्कर त्रिपाठी ने भी विद्यार्थियों को प्रकृति का संतुलन बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। इस मौके पर श्री कृष्ण गुप्ता, हरिशंकर, ओम प्रकाश पाल, आसिफ अंसारी सहित विद्यालय के शिक्षकगण और ग्रामीण उपस्थित रहे।



