एनएच-24 पर बड़े वाहनों की आवाजाही से तीन घंटे तक लगा भीषण जाम, राहगीर बेहाल

कोतवाली गेट से ब्लॉक तिराहा होते हुए पांडे मोड़ तक वाहनों की लंबी कतार, दिन में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग
जमानिया (गाजीपुर)। नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था शुक्रवार दोपहर पूरी तरह चरमरा गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर बड़े वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही के चलते कोतवाली गेट से ब्लॉक तिराहा होते हुए पांडे मोड़ तक भीषण जाम लग गया। हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब तीन घंटे तक रुक-रुककर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दिन के समय नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश जाम की सबसे बड़ी वजह है। शुक्रवार दोपहर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने से छोटे-बड़े वाहन जगह-जगह फंस गए। जरूरी काम से निकले लोग घंटों जाम में परेशान रहे। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी संकरे रास्तों से निकलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
स्थानीय निवासी राजेश गुप्ता, मुकेश यादव, रामनिवास, अनिल यादव, काशी, पिंटू और राजू ने बताया कि दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही नगर की यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बन गई है। कई बार शिकायत और मांग उठाने के बावजूद इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। नागरिकों ने एनएच-24 पर नगर क्षेत्र में दिन के समय बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था सुचारु होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर लगाकर यातायात बहाल कराया गया। उन्होंने माना कि नगर क्षेत्र में बड़े वाहनों की आवाजाही जाम का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जाम समाप्त करा दिया गया है। दिन के समय नगर से भारी वाहनों के गुजरने पर रोक लगाने के संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।


