उत्तर प्रदेशप्रशासनिकरेलवाराणसी

बरेका में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ, महाप्रबंधक ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ

‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के संदेश के साथ भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित करने पर जोर

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह के तहत प्रशासन भवन स्थित स्वागती हॉल में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सदैव सजग रहने का संकल्प लिया। इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है, जिसके माध्यम से कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों को मजबूत करने और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित करने का संदेश दिया गया।
मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा ने सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका आयोजन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती वाले सप्ताह में किया जाता है। उन्होंने सत्यनिष्ठा, नैतिक आचरण और जवाबदेही को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह के माध्यम से संगठनात्मक कार्यप्रणाली में ईमानदारी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जनहित एवं संस्थागत विश्वास को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में नैतिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य सतर्कता अधिकारी नीरज सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page