
जमानियाँ (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम बडेसर स्थित गंगा घाट पर रविवार को संत निरंकारी मंडल दिल्ली द्वारा विशाल सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में दूर-दूर से आए सैकड़ों सत्संगियों, स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूरे मनोयोग से गंगा घाट के विभिन्न हिस्सों से कचरा और गंदगी को हटा कर घाट को स्वच्छ व सुंदर बनाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
साध संगत जोन 64 जमानियाँ के प्रबंधक कृष्णानंद साहनी ने बताया कि यह कार्यक्रम संत निरंकारी मंडल दिल्ली के निर्देशानुसार आयोजित किया गया था। जिसमें ब्रांच दिलदारनगर, नगसर, राधोपुर, साध संगत जमानियां के सैकड़ों महिला व पुरुष स्वयंसेवकों ने कड़ी मेहनत करते हुए गंगा घाट की साफ-सफाई की। उन्होंने जोर दिया कि किसी भी सामाजिक स्थल पर साफ-सफाई रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हम सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और अपने द्वारा लाई गई सामग्री को उचित स्थान पर डालें, तो कहीं भी गंदगी नहीं होगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अनुपयोगी वस्तुओं को सार्वजनिक स्थलों पर न फेके बल्कि उसे डस्टबिन में डालें। जिससे स्वच्छ व स्वस्थ भारत का निर्माण हो सके।
सफाई अभियान में विनोद, दिनेश, गोरख नाथ, रामबिलास, विजय, हरिहर, रामजी, सुभाष, गुलाब, अरविन्द सहित सत्संग कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।



