मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर चलेगा विशेष अभियान

बीएलओ सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेंगे मौजूद, युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर
गाजीपुर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को पंजीकरण का अवसर देने के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे।
विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक मतदान केंद्र पर 17 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नागरिक बीएलओ से संपर्क कर अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकेंगे। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने संबंधी आपत्ति के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन या निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान में विशेष रूप से उन युवाओं और महिलाओं पर ध्यान दिया जाएगा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जनपद स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 भी उपलब्ध रहेगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 28 और 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना जरूरी है। इसलिए सभी लोग अभियान में भाग लें और अपने परिवार तथा आसपास के पात्र नागरिकों को भी जागरूक करें।



