मां-बेटी हत्याकांड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

25 हजार रुपये का था इनाम, कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चापड़, तमंचा और मृतका का मोबाइल बरामद
गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के धरवां गांव में मां-बेटी की गला रेतकर निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को पुलिस ने हत्याकांड में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सोनू उर्फ परवेज को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सदर अस्पताल गाजीपुर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर की रात धरवां गांव में मां-बेटी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। इस दोहरे हत्याकांड के संबंध में नंदगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 28 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में नामजद और 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी सोनू उर्फ परवेज नंदगंज पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास से दबोपुर गांव की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू उर्फ परवेज (करीब 40 वर्ष), पुत्र स्व. महमूद, निवासी श्रीगंज, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, मृतका का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक औरंगजेब खां, कांस्टेबल जमील अंसारी, रोहित यादव, प्रदीप कुमार और मो. उमर शामिल रहे। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।



