भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और अखिल भारतीय किसान सभा ने मुख्यमंत्री को संबोधित तहसीलदार को सौंपा 12 सूत्रीय मांग पत्र

जमानिया। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और अखिल भारतीय किसान सभा के तत्वाधान में बृहस्पतिवार को नगर के रामलीला मैदान में किसान-मजदूर पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत के माध्यम से क्षेत्र के किसानों, मजदूरों और आम जनता की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं की ओर उत्तर प्रदेश सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित एक 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।
मांग पत्र में मुख्य रूप से सौभाग्य योजना के तहत हुए कथित बिजली बिल घोटालों और विसंगतियों को दूर करने की पुरजोर मांग की गई है। आरोप लगाया गया है कि साल 2017 से 2019 के बीच बिना मीटर और बिना बिजली सप्लाई दिए गरीबों के नाम पर हजारों और लाखों रुपये के फर्जी बिल भेज दिए गए हैं, जिन्हें तत्काल कैंप लगाकर माफ किया जाए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के घरों से स्मार्ट मीटर हटाकर प्रीपेड मीटर लगाने, दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी 300 यूनिट घरेलू बिजली मुफ्त देने तथा धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) छत्तीसगढ़ की तरह 3100 रुपये घोषित करने की मांग उठाई गई है। जनता की बुनियादी जरूरतों को रेखांकित करते हुए मांग पत्र में कहा गया है कि आजादी के सात दशक बाद भी भूमिहीन परिवारों के पास रहने को जगह नहीं है, इसलिए उन्हें तीन डिसमिल जमीन, सरकारी आवास और शौचालय मुहैया कराया जाए। इसके अलावा माइक्रो फाइनेंस कंपनियों का कर्ज माफ करने, सहारा इंडिया में फंसा जनता का पैसा एजेंटों के माध्यम से वापस दिलाने, सरकारी शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने तथा 60 वर्ष से ऊपर के सभी बुजुर्गों को दस हजार रुपये प्रति माह पेंशन देने की मांग शामिल है। स्थानीय और श्रम हितों से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए प्रदर्शनकारियों ने आशा, आंगनबाड़ी और रसोइयों को समय पर भुगतान करने तथा उन्हें सरकारी कर्मचारी मानकर न्यूनतम 21 हजार रुपये मानदेय देने की नीति लागू करने की बात कही। साथ ही किसानों को पोस्ते की खेती का लाइसेंस जारी करने और क्षेत्र के प्रसिद्ध दिलदारनगर पशु मेले को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने की गारंटी देने की मांग भी प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई है। पत्रक नायब तहसीलदार को सौंपा गया। सभा को प्रमुख रूप से सदस्य राज्य कार्यकारिणी भाकपा अमेरिका सिंह यादव, जिला सचिव जनार्दन राम, जिला मंत्री किसान सभा राजदेव यादव, जिला अध्यक्ष खेत मजदूर यूनियन रामअवध राम,रामकेर यादव, सूबेदार राम, दिनेश प्रजापति, झिल्लू यादव किसान नेता, अनिल राम, मन्नू यादव, तारा देवी, कलिका, उर्मिला देवी, आदि लोगों ने सम्बोधित किया। अध्यक्षता जंगबहादुर यादव व तारा देवी और संचालन शशिकांत कुशवाहा ने किया।



