जमानिया में मुहर्रम के जुलूस में प्रशासन की मौजूदगी में हुआ हथियारों का खुलेआम उल्लंघन

जमानिया। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और जुलूसों में किसी भी प्रकार के हथियारों या अस्त्र-शस्त्रों के प्रदर्शन पर पूरी तरह से रोक लगाए जाने के कड़े निर्देशों के बावजूद, जमीनी स्तर पर इनके उल्लंघन की तस्वीरें सामने आ रही हैं। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को जहां मुहर्रम के जुलूस के दौरान मुख्यमंत्री के आदेशों को खुलेआम धज्जियां उडाई गई।
जमानिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि मुहर्रम के अखाड़े और जुलूस में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हैं। इस भीड़ के बीच कुछ युवक और बच्चे खुलेआम धारदार अस्त्र-शस्त्र और लाठियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। वीडियो में युवाओं को तलवारबाजी और लाठियों से करतब दिखाते हुए साफ देखा जा सकता है। इस दौरान वहां भारी भीड़ मौजूद थी, जो कानून-व्यवस्था के लिहाज से बेहद संवेदनशील और खतरनाक साबित हो सकती थी। चौंकाने वाली बात यह है कि जब इस तरह से सरेआम अस्त्र-शस्त्रों का प्रदर्शन किया जा रहा था, तब सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली कोतवाली पुलिस वहां महज एक मूकदर्शक बनी रही। नियमों का उल्लंघन कर रहे लोगों पर कार्रवाई करने या उन्हें रोकने के बजाय पुलिस प्रशासन इस पूरे घटनाक्रम को चुपचाप देखता रहा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और सरकार के इकबाल पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जमानिया की इस घटना ने साफ कर दिया है कि स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक लापरवाही के चलते सरकार के कड़े आदेशों का पालन कराने में ढिलाई बरती जा रही है। अब देखना यह होगा कि वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद पुलिस इन नियम तोड़ने वाले युवकों और मौके पर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई करता है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि इस प्रकार की कोई सूचना नहीं है। यदि वीडियो वायरल हो रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।



