
गाजीपुर। बिरनो थाना क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और कथित गौ तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, गोवंश से लदा पिकअप वाहन तथा चार जीवित गोवंश बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान जरगो से पलिया मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास सामने से आ रहे एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वाहन सवार एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई।घायल आरोपी की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के सेराज खान के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बिरनो भेजा गया। वहीं मौके से संतोष राजभर निवासी करीमुद्दीनपुर तथा दिलमोहन राठौर निवासी गुलालसराय को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में बिरनो थाने पर भारतीय न्याय संहिता, आर्म्स एक्ट तथा गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सेराज खान और संतोष राजभर के विरुद्ध गोवध, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों के कई मुकदमे पूर्व से दर्ज हैं, जबकि दिलमोहन राठौर के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट का एक मुकदमा दर्ज बताया गया है।पूरी कार्रवाई बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।



