बलुआ घाट रामलीला में वनवास, नाक कटैया और सीता हरण की लीला का भावपूर्ण मंचन

जमानियां, गाजीपुर। नगर के बलुआ घाट स्थित रामलीला मैदान में श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में भगवान श्रीराम के वनवास से लेकर सूर्पणखा की नाक कटने और माता सीता के हरण तक की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
लीला की शुरुआत श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास से हुई। पंचवटी में सूर्पणखा प्रसंग और लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक काटने की लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। इसके बाद स्वर्ण मृग प्रसंग और रावण द्वारा माता सीता के हरण की लीला प्रस्तुत की गई। इन प्रसंगों के दौरान रामलीला मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में रामलीला की इस ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। रामलीला के माध्यम से लोगों को भारतीय संस्कृति, मर्यादा, धर्म और आदर्शों का संदेश दिया जा रहा है।
इस दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी, क्षेत्रवासी और श्रद्धालु मौजूद रहे।



