सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मना नवरात्रि उत्सव, डांडिया-गरबा और रावण दहन बना आकर्षण

ज


मानियां, गाजीपुर। क्षेत्र के लोदीपुर स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को भव्य नवरात्रि उत्सव का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों, डांडिया-गरबा और रावण दहन ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक सत्यप्रकाश मौर्या की बड़ी बहनों इंदु मैम, विद्या मैम, नीरज मैम एवं लालमुनि मैम ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने नवरात्रि की महत्ता पर आधारित नाटक, सामूहिक नृत्य और डांडिया-गरबा की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया।
विद्यालय की चेयरमैन सबिता मौर्या ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। समापन पर प्रबंध निदेशक सत्यप्रकाश मौर्या एवं प्रधानाचार्य एल.डी. जेना ने अभिभावकों और अतिथियों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर विद्यालय के समन्वयक नफीस अंसारी, काउंसलर शबीना खान, कार्यक्रम प्रभारी मोहित पांडे, शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक अजय शर्मा सहित विभिन्न सदनों के प्रमुख, शिक्षकगण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आपसी एकता का संदेश दिया।



