पुरानी रंजिश में मुर्गी फार्म का ताला तोड़ने का आरोप, 1100 चूजों की मौत से लाखों का नुकसान

जमानियां (गाजीपुर)। गड़ही चक जहरुल्ला गांव में पुरानी रंजिश के चलते मुर्गी पालन केंद्र का ताला तोड़कर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। फार्म संचालक अमित कुमार यादव के मुताबिक, शुक्रवार की रात फार्म का ताला टूटा मिला और अंदर करीब 1100 चूजे मृत पाए गए। आशंका है कि दरवाजा खुला रहने से आवारा कुत्ते और अन्य जानवर फार्म में घुस गए, जिससे भारी नुकसान हुआ।
पीड़ित अमित कुमार यादव ने कोतवाली में दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि वह गांव में मुर्गी पालन कर अपने परिवार की जीविका चलाता है। गांव के ही कुछ लोगों से उसकी पुरानी रंजिश चल रही है और वे उसके व्यवसाय में बाधा पहुंचाते रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, 13 अगस्त 2025 को दोनों पक्षों के बीच सुलह हुई थी, जिसमें विपक्षियों को मुर्गी फार्म के आसपास नहीं आने की बात तय हुई थी।
आरोप है कि इसके बावजूद शुक्रवार की रात फार्म का ताला तोड़कर दरवाजा खोल दिया गया। इससे आवारा कुत्तों, सियारों और अन्य जानवरों के अंदर घुसने की आशंका है। पीड़ित ने दावा किया कि घटना में करीब 1100 चूजों की मौत हो गई, जिससे उसे लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
अमित कुमार यादव का आरोप है कि घटना का विरोध करने और शिकायत करने पर विपक्षियों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद उसने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और कोतवाली में लिखित शिकायत देने को कहा।
पीड़ित ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


