वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महर्षि जमदग्नि की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न

जयकारों से गूंजा स्मारक स्थल, दर्शन-पूजन के लिए उमड़े श्रद्धालु
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय ब्लॉक तिराहा के पास नगर पालिका परिषद की ओर से लाखों रुपये की लागत से निर्मित स्मारक स्थल पर रविवार को सप्तऋषियों में शामिल महर्षि जमदग्नि की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भव्य रूप से संपन्न हुई। वाराणसी से आए ब्राह्मणों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। मूर्ति का पट खुलते ही पूरा परिसर महर्षि जमदग्नि के जयकारों से गूंज उठा। दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
महर्षि जमदग्नि की मूर्ति स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक समारोह से नगर में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। आयोजन के दूसरे दिन मूर्ति स्थापना से पूर्व प्रधान आचार्य एवं ज्योतिषाचार्य पंडित शैलेश उपाध्याय ने कार्यक्रम संयोजक नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, उनकी पत्नी गीता, बालकृष्ण त्रिवेदी सहित अन्य लोगों से पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद यज्ञाचार्य दिनेश शुक्ला के नेतृत्व में वैदिक मंत्रों के साथ हवन संपन्न हुआ। ब्राह्मणों ने मूर्ति का स्नान और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराने के बाद प्राण-प्रतिष्ठा की प्रक्रिया पूरी कराई। इसके पश्चात मूर्ति का पट खोला गया।
इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। श्रद्धालुओं ने महर्षि जमदग्नि के दर्शन कर पूजन किया। आयोजन को लेकर ब्राह्मण समाज सहित क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम संयोजक जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि जमानियां को महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि माना जाता है। उनकी मूर्ति स्थापना की वर्षों पुरानी मांग पूरी कराने का सौभाग्य मिलना उनके लिए गौरव और संतोष का विषय है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का प्रयास किया गया है।
बालकृष्ण त्रिवेदी ने कहा कि जमानियां महर्षि जमदग्नि की धरती है और यहां के कण-कण में उनकी स्मृतियां जुड़ी हैं। मूर्ति स्थापना का कार्य इतिहास में दर्ज होने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्र की धार्मिक पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
आयोजन के अंतिम दिन सोमवार को विशाल भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही तीन दिवसीय धार्मिक समारोह का समापन होगा।
ये लोग रहे मौजूद: मूर्ति स्थापना समारोह में योगी आनंद जी महाराज, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, बालकृष्ण त्रिवेदी, सानंद सिंह, ब्रजभूषण दुबे, विनीत तिवारी, विकास चौबे, निमेष पांडेय, मोनू तिवारी, पीयूष कांत दुबे, अभिषेक तिवारी, उमेश चंद्र पांडेय, शिवम दुबे, तारकेश्वर वर्मा, विजयशंकर राय, अरविंद राय, संतोष निगम, संतोष राय, संजीत यादव और अनिल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




