
एसपी ने परेड से लेकर कंट्रोल रूम तक परखी तैयारियां
गाजीपुर !पुलिस लाइन में शुक्रवार को अनुशासन, सजगता और जवाबदेही की तस्वीर देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक डॉ. इरज राजा ने साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी लेकर पुलिस बल की कार्यक्षमता और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की टर्नआउट, अनुशासन और एकरूपता का बारीकी से निरीक्षण किया।
परेड के दौरान एसपी ने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया कि बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए अनुशासित, फिट और हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को अपने कर्तव्यों के प्रति अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनने के निर्देश दिए।
डायल-112 की गाड़ियों की हुई पड़ताल:
परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थानों से पुलिस लाइन पहुंची डायल-112 (यूपी-112) की गाड़ियों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की तकनीकी स्थिति, उपलब्ध संसाधनों और आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था की जानकारी ली तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
कंट्रोल रूम और जीडी कार्यालय की भी जांच:
एसपी डॉ. इरज राजा ने डायल-112 कंट्रोल रूम और जीडी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड संधारण, सूचना संप्रेषण और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
अर्दली रूम में अभिलेखों की पड़ताल, दिए जरूरी निर्देश:
साप्ताहिक अर्दली रूम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों के नियमित रखरखाव, लंबित कार्यों के समयबद्ध निस्तारण और कार्यालयी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।




