धूम-धाम व हर्षोउल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस

जमानियाँ,गाजीपुर। क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थाओं सहित साहित्यिक संस्थानों में शनिवार को शिक्षक दिवस धूम-धाम व हर्षोउल्लास से मनाया गया तथा शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया वही छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजन वृंदों के माथे पर चन्दन-रोरी लगाकर आरती उतारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसी क्रम में सौरभ साहित्य परिषद बरुइन के तत्वाधान में परिषद के संस्थापक राजेन्द्र सिंह के आवास पर पूर्व उप प्रधानाचार्य कपिलदेव सिंह के अध्यक्षता में माँ सरस्वती व डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर शिक्षक दिवस मनाया गया तथा सेवानिवृत कर्त्तव्यनिष्ठ शिक्षक विजय शंकर तिवारी को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों व ग्रामीण बंधुओं को संबोधित करते हुए परिषद के संस्थापक व साहित्यकार राजेन्द्र सिंह ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने शिक्षा को दर्शन के साथ जोड़ने के साथ ही मानव व मानवीय मूल्यों की रचना की, जो समाज को मजबूत सम्बल प्रदान किया। आज की शिक्षा पद्धति मानवीय मूल्यों के प्रति इमानदार नहीं दिखती है। पूर्व की शिक्षा संस्कृति, संस्कार व सभ्यता के प्रति गम्भीर थी, लेकिन आज की शिक्षा आर्थिक मूल्यों पर आधारित हो गई है, जो धन ऊगाही का कारण बन रही है। शिक्षा के प्रति ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का सम्मान करने से समाज में रचनात्मक विकाश होता है। उक्त मौके पर पूर्व प्रधानाचार्य छेदी सिंह, जितेंद्र सिंह, बीर बहादुर सिंह, मनोज पाण्डेय, मयूर सिंह, युवराज सिंह मौजूद रहे। संचालन जयप्रकाश सिंह ने किया।



