गंगा में डूबे युवक का चौबीस घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग

जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के बडेसर गंगा घाट पर दादा के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए 20 वर्षीय गणेश प्रसाद शनिवार को स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। हादसे को 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस अनहोनी के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
बिहार के रामगढ़ निवासी गणेश प्रसाद अपने दादा के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों संग जमानिया के बरेसर घाट पहुंचे थे। दाह संस्कार से पूर्व गंगा में स्नान करते समय उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वह तेज धारा की चपेट में आकर आंखों से ओझल हो गए।हादसे के तुरंत बाद से पुलिस ने गोताखोरों को नदी में उतरकर खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। रविवार को खोज अभियान को गति देने के लिए 36वीं वाहिनी पीएसी, रामनगर‚ वाराणसी की राहत एवं बचाव टीम मोटरबोट और आधुनिक उपकरणों के साथ घाट पर पहुंची। गंगा की तेज धारा और गहराई के बीच पीएसी के जवान व स्थानीय गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह ने बताया कि शव को खोजने का प्रयास किया जा रहा है अभी तक सफलता नहीं मिली है। प्रयास जारी है।



