क्षत्रिय महासभा का यूजीसी के विरोध में धरना व आरक्षण संशोधन की मांग


जमानिया। तहसील मुख्यालय के सामने स्थित रामलीला मंच पर सोमवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के तत्वावधान में यूजीसी के नए नियमों के विरोध और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सवर्ण विकास मंच ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर अपना पूरा समर्थन दिया और कंधे से कंधा मिलाकर आवाज बुलंद की। धरने के बाद उपजिलाधिकारी निधि को राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम संबोधित मांग पत्र सौंपा गया।संगठन के जिलाध्यक्ष राज कुमार सिंह के नेतृत्व में दिए गए पत्रक में यूजीसी के ‘प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस रेगुलेशंस, 2026’ को तत्काल वापस लेने की मांग की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि यह अधिसूचना समानता के मूल अधिकारों के विपरीत है और इसमें सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के संवैधानिक संरक्षण की उपेक्षा की गई है। साथ ही झूठी शिकायतों पर दंड का प्रावधान न होने से इसके दुरुपयोग की आशंका है। राज कुमार सिंह ने आरक्षण को जातिगत के बजाय आर्थिक आधार पर लागू करने तथा ‘सामान्य वर्ग आयोग’ के गठन की मांग उठाई। सवर्ण विकास मंच के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने समर्थन करते हुए कहा कि सामान्य वर्ग के हितों की रक्षा हेतु निष्पक्ष नीति बनने तक लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा। जिसके बाद धरना स्थल पर उपजिलाधिकारी निधि को राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को संबोधित मांग पत्र सौंपा गया। इस मौके पर विरेन्द्र राय, अयुब जमा खां, विनय कुमार सिंह, रोशन, पिन्टू, अरूण कुमार सिंह, अमित कुमार, अनीत कुमार, मनीष कुमार, धर्मेन्द्र सिंह, अमरेन्द्र प्रताप सिंह, अश्वनी सिंह, रवि, रूद्र प्रताप सिंह, प्रकाश, अखंड प्रताप, राजीव सिंह और अक्षय सहित कई लोग उपस्थित रहे।




