हमीदपुर में पटाखे छुड़ाने के दौरान युवक को मारी गोली, दाहिने पैर में लगी; गांव में मचा हड़कंप

जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर गांव में रविवार को रात्रि पटाखे छुड़ाने के दौरान एक युवक को गोली लगने का मामला सामने आया। घटना में अखिलेश नामक युवक घायल हो गया। गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव में लोग पटाखे छुड़ा रहे थे। इसी दौरान अखिलेश सड़क किनारे से पैदल गुजर रहा था। आरोप है कि तभी एक युवक ने असलहे से उस पर फायरिंग कर दी। गोली अखिलेश के दाहिने पैर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। पुलिस फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने के साथ ही घटना में इस्तेमाल असलहे के बारे में जानकारी जुटा रही है।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



