यातायात माह में ओवरलोड वाहनों की मौज, NH-24 पर बेखौफ दौड़ रहे मिट्टी लदे डंपर
जमानियां-गाजीपुर मार्ग पर नियमों की उड़ रही धज्जियां, धूल के गुबार से राहगीर परेशान; जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर उठे सवाल
जमानियां (गाजीपुर)। जिले में यातायात माह मनाया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। जमानियां-गाजीपुर एनएच-24 मार्ग पर ओवरलोड मिट्टी लदे ट्रैक्टर और डंपरों का खुलेआम संचालन जारी है। क्षमता से अधिक मिट्टी लादकर फर्राटा भर रहे ये वाहन यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने के साथ ही सड़क हादसों को भी न्योता दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों और राहगीरों के अनुसार, मिट्टी लदे ओवरलोड वाहनों के आवागमन से सड़क पर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। इससे राहगीरों और आसपास के लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ सांस लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद इन वाहनों के संचालन पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि यातायात माह के दौरान जहां यातायात पुलिस ऑटो और ई-रिक्शा (टोटो) के खिलाफ कार्रवाई करती नजर आ रही है, वहीं ओवरलोड डंपरों और ट्रैक्टरों के संचालन को लेकर कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। जमानियां-गाजीपुर मार्ग का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ओवरलोड मिट्टी लदे वाहनों के संचालन को लेकर जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने यातायात पुलिस और परिवहन विभाग से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
सवाल यह है कि क्या यातायात माह का उद्देश्य केवल ऑटो और टोटो के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित है? आखिर ओवरलोड वाहनों पर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर कब पड़ेगी?


