सतुआनी घाट का रास्ता जर्जर, दीपावली और छठ से पहले मरम्मत की मांग

एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपकर सामाजिक कार्यकर्ता मुन्ना गुप्ता ने उठाई समस्या
जमानियां (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के वार्ड संख्या 13 स्थित सरकारी अस्पताल से सतुआनी घाट की ओर जाने वाला मुख्य मार्ग जर्जर हालत में है। दीपावली और छठ महापर्व नजदीक होने के बावजूद सड़क की बदहाली से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष मुन्ना गुप्ता ने एसडीएम निधि को शिकायती पत्र सौंपकर मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि सतुआनी घाट की ओर जाने वाला रास्ता काफी खराब हो चुका है। आगामी छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए घाट पर पहुंचेंगे। ऐसे में जर्जर मार्ग के कारण उन्हें आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
मुन्ना गुप्ता ने प्रशासन से मार्ग की स्थिति की जांच कराकर दीपावली और छठ पर्व से पहले मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क दुरुस्त हो जाने से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के घाट तक पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।



