
जमानियाँ (गाजीपुर)। दो दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश ने किसानों सहित परीक्षार्थियों की परेशानी बढ़ा दी है।
रुक-रुक कर हो रही झमाझम बारिश व हल्की हवा से डीएलएड परीक्षार्थियों को परीक्षा सेन्टर पर जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थी संघर्ष करते हुए स्थानीय तहसील मुख्यालय स्थित परीक्षा केन्द्र राजकीय महिला इण्टर कालेज तक पहुँच गये। मेन गेट पर जल जमाव होने के कारण विद्यालय के अन्दर जाने में भी परीक्षार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विद्यालय के मेन गेट पर जल जमाव नगर पालिका परिषद के सारे दावों को खोखला साबित कर दिया। दूर दूराज से आये परीक्षार्थियों ने यहाँ बदत्तर स्थिति को कोसते नजर आये। झमाझम बारिश से स्टेशन बाजार के बस स्टैण्ड सहित बाजार रेलवे क्रासिंग पोखरे में तब्दील हो गया। राहगीरों को आने जाने में लोहे के चने चबाना पड़ा। नगर के वार्ड नम्बर 16 में भी जलजमाव से मुहल्लेवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।हल्की बारिश में भी यही स्थिति दृष्टिगत हो जाती है, उसके बाद नगर पालिका कोई ठोस कदम नहीं उठा पाता है। इस सम्बन्ध में ईओ संतोष कुमार ने बताया कि जहां जलजमाव की स्थिति ज्यादा है वहाँ पर इंजन से पानी निकलवाया जा रहा है तथा कम जल जमाव वाले स्थानों पर मौसम साफ होने पर ठीक करा दिया जायेगा।
वही बारिश व हल्का हवा चलने से खरीफ की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। धान की खड़ी फसल खेतों में लेट रहे है, जिससे कम पैदावार होने की अनुमान से किसान चिन्तित हो गये है। कृषक विपिन सिंह, पंकज तिवारी आदि ने बताया कि बेमौसम बारिश से धान के फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। खड़ी धान के फसल गिर रहे है जिससे उत्पादन कम होने आसार बने हुए है।




