उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियास्वास्थ्य

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरूइन पर लगने वाला आरोग्य मेला खुद पड़ा बीमार, मरीज परेशान

ज़मानिया (गाज़ीपुर): क्षेत्र के बरूइन स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पर प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाला ‘मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला’ खुद बदहाली का शिकार हो गया है। जिस मेले का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था, वह अब प्रशासनिक उपेक्षा और अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ चुका है।
मेले में इलाज की उम्मीद लेकर पहुंच रहे क्षेत्रीय मरीजों को भारी निराशा का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों,अमरनाथ सिंह,गणेश गुप्ता,विनय,गोपाल,अजीत के अनुसार, मेले का दिन हो या बाकी दिन अस्पताल से प्रमुख डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मी नदारद रहते हैं। वहीं, फार्मासिस्ट या इक्का-दुक्का कर्मचारियों के सहारे औपचारिकता पूरी की जा रही है।

दवाओं और जांच सुविधाओं का टोटा

स्वास्थ्य केंद्र पर दूर-दराज के गांवों से आने वाले मरीजों का कहना है कि यहां न तो समय पर प्राथमिक जांचें हो पा रही हैं और न ही जरूरी दवाएं मिल रही हैं। मरीजों को बाहर से दवा और जांच की सलाह दी जा रही है, जिससे गरीब और असहाय ग्रामीण खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।

अव्यवस्थाओं का आलम

अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी बदतर है। पीने के पानी से लेकर बैठने तक के समुचित इंतजाम नहीं हैं। गर्मी और बदहाली के बीच घंटों इंतजार करने के बाद भी जब इलाज नहीं मिलता, तो मरीजों को निजी क्लीनिकों या वाराणसी अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने जिले के उच्च स्वास्थ्य अधिकारियों से मांग की है कि बरूइन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगने वाले आरोग्य मेले की व्यवस्था की जांच की जाए और लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई कर स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त किया जाए।इस संबंध में सीएचसी प्रभारी रुद्रकांत सिंह ने बताया कि मेला लगा हुआ है दवा दी जा रही है,जबकि दूसरी तरफ स्थानीय लोगों और मरीजों का कहना है कि हर रविवार ताला बंद रहता है सीएचसी पर।अब देखना यह है कि जिलाधिकारी गाजीपुर इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page