

गाजीपुर। राजकीय हाईस्कूल सहेडी के सुसज्जित प्रांगण में शनिवार को वार्षिकोत्सव ‘अभ्युदय’ धूमधाम व उत्साह पूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला समन्वयक कुश राय और विशिष्ट अतिथि डी.ए.वी.इण्टर कॉलेज के शिक्षक जितेंद्र कुमार व विद्यालय के प्रधानाचार्या मीनू सिंह ने मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चयात इन्द्रधनुषी रंग व सुगन्धित पुष्पों से सुसज्जित मंच पर दीपशिखा द्वारा गणपति नृत्य की प्रस्तुति ने सभी को भाव विभोर कर दिया। पुरा छात्राओं और वर्तमान छात्राओं द्वारा समूह नृत्य व विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर वर्ष भर विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कृत छात्र-छात्राओं और कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले अव्वल छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने के साथ ही पुरा छात्रों को भी मेडल व सर्टिफिकेट दिया गया। राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त कर विद्यालय सहित क्षेत्र का मान बढ़ाने वाले छात्र प्रियांशु को शील्ड और प्रमाण पत्र दिया गया।
शिक्षार्थियों व अभिभावकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला समन्वयक कुश राय ने कहा की अध्ययन के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से छात्रों के चरित्र व व्यक्तित्व का निर्माण होता है।
विशिष्ट अतिथि जितेंद्र कुमार ने कहा कि सतत प्रयास, समय का सही प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही सफलता की सीढ़ी चढ़ी जाती है। बूंद-बूंद अगर लगातार गिरे तो पहाड के हृदय में भी छेद हो सकता है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनू सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों और सभी अध्यापिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उक्त मौके पर शिक्षिका प्रतिमा, संगीता खरवार, वंदना सहित अभिभावक गण मौजूद रहे। मंच संचालन शिक्षिका प्रीति ने किया।



