
गाजीपुर। चार नकाबपोश हमलावरों ने सोमवार की देर रात एक नवयुवक को लाठी-डंडों से पीटकर जख्मी कर दिया। पीड़ित ने पैर में गोली मारने का भी आरोप लगाया है। यह वारदात सादात थाना क्षेत्र के कटयां गांव में सोमवार देर शाम में घटी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सैदपुर भेज कर मामले की जांच में जुट गयी। बताते चलें कि यह घटना कटयां गांव के सेवानिवृत्त रेलवे गार्ड गोरखनाथ राय के घर पर घटी। गोरखनाथ राय की पुत्री उषा राय ने बताया कि घायल सूर्यांश उर्फ आकाश राय (25 वर्ष) उनका पुत्र है। वह सोमवार रात करीब आठ बजे अहाते में बंधी भैंस की रस्सी खुलने की सम्भावना पर भैंस को पुनः बांधने के लिए अहाते में गया। उसी दौरान मुंह बांधे चार हमलावरों ने उस पर लाठी डंडे से हमला कर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गये। पीड़ित सूर्यांश के अनुसार, हमलावरों ने उसके पैर में गोली भी मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। उषा राय ने इसे आपसी जमीनी विवाद का मामला बताया है। प्रभारी थानाध्यक्ष सादात सुरेंद्र राम मिश्रा ने बताया कि इस घटना की तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।




