पुलिस भर्ती 2026 में आयु सीमा को लेकर क्षत्रिय महासभा ने मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती–2026 में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की आयु सीमा को लेकर क्षत्रिय महासभा ने असंतोष जताया है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों ने आयु सीमा में भेदभाव का आरोप लगाते हुए माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित एक मांग पत्र जिलाधिकारी गाजीपुर के माध्यम से सौंपा है।
मांग पत्र में उल्लेख किया गया है कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती–2026 में सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 22 वर्ष तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि OBC एवं SC/ST वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों को 18 से 27 वर्ष तथा महिला अभ्यर्थियों को 18 से 30 वर्ष तक की छूट प्रदान की गई है।
क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह का कहना है कि आयु सीमा में यह अंतर सामान्य वर्ग के योग्य उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया से बाहर कर रहा है, जिससे उन्हें रोजगार के अवसरों से वंचित होना पड़ रहा है। वर्तमान परिस्थितियों में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी स्वयं को उपेक्षित और कुंठित महसूस कर रहे हैं।
मांग पत्र के माध्यम से सरकार से आग्रह किया गया है कि समानता एवं न्याय के सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 25 वर्ष तथा महिला अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष की जाए, जिससे सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
अभ्यर्थियों ने आशा जताई है कि प्रदेश सरकार उनकी मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।




