उत्तर प्रदेशगाजीपुरज़मानियाप्रशासनिकराजनीति

नवीन गृहकर के विरोध में सभासदों का धरना पांचवें दिन भी जारी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बोर्ड के फैसले की अनदेखी का आरोप, छह सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग

जमानियां (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद में नवीन गृहकर की वसूली को लेकर पालिका प्रशासन और सभासदों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। गृहकर के विरोध और छह सूत्रीय मांगों को लेकर सभासदों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरनारत सभासदों ने पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता पर तानाशाही और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शनकारी सभासदों का आरोप है कि नवीन गृहकर के नाम पर नगरवासियों पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि नगर पालिका बोर्ड की बैठक में नवीन गृहकर को फिलहाल समाप्त करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। इसके बावजूद गृहकर जमा करने के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सभासदों ने इसे बोर्ड के निर्णय की अनदेखी बताते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सभासदों ने कहा कि उनका आंदोलन किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि नगरवासियों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने पालिका प्रशासन से नवीन गृहकर की वसूली पर तत्काल रोक लगाने, छह सूत्रीय मांगों पर विधिसम्मत कार्रवाई करने और विवाद का समाधान निकालने की मांग उठाई।
मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना
धरनारत सभासदों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पालिका प्रशासन ने शीघ्र पहल नहीं की तो आंदोलन को और तेज करते हुए व्यापक विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

धरने में प्रमोद यादव, राजा बाबू, आशिमा खां, अंजनी कुमार गुप्ता, राहुल वर्मा, सचिन वर्मा, मोहन गुप्ता, रजनीकांत उपाध्याय, मनीष यादव, राकेश प्रजापति, विकास जायसवाल जुगनू, शमीम अंसारी, शिवबचन यादव, उमराव यादव समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page