गाजीपुर में हरियाणा मार्का शराब की 48 बोतलों के साथ दो गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम में दर्ज था मुकदमा

गाजीपुर। कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपित हरियाणा मार्का शराब की 750 एमएल की कुल 48 बोतलें गाजीपुर शहर में बेचने के लिए लाए थे। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को उपनिरीक्षक नागेंद्र प्रसाद सिंह की टीम ने दोनों आरोपितों को विशेश्वरगंज तिराहा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उनकी पहचान गणेश कुमार मिश्रा उर्फ अंकुर (29), निवासी तिलकनगर कॉलोनी, महुआबाग और आनंद मिश्रा (32), निवासी जलनिगम रोड, रौजा, थाना कोतवाली, गाजीपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपितों ने शराब की बोतलें शहर में बिक्री के लिए लाने की बात बताई। इस मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 770/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।




