उत्तर प्रदेशखेल-कूदगाजीपुरज़मानिया

डिवाइन ग्लोबल स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, नए खेल मैदान का हुआ शिलान्यास

जमानिया। क्षेत्र के हरपुर गांव स्थित डिवाइन ग्लोबल स्कूल में मंगलवार और बुधवार को दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (स्पोर्ट्स डे) का शानदार आयोजन किया गया। रंग-बिरंगी झंडियों और गुब्बारों से सजे विद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि व विद्यालय के चेयरमैन डां रामऊग्रह सिंह यादव और  अश्वनी सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके पश्चात जॉय, फेथ, ह्यूमैनिटी और ग्रेटीटूड हाउस के विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथियों को सलामी दी। प्रतियोगिता में नर्सरी से लेकर 11वीं तक के विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। जहां रस्साकशी में छात्रों ने अपनी सामूहिक शक्ति का बेहतरीन उदाहरण पेश किया, वहीं लंबी कूद, ऊंची कूद, खो-खो, कबड्डी और दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की फुर्ती और तकनीक ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों के हाथों मेडल, प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में चेयरमैन रामऊग्रह सिंह यादव और अश्वनी कुमार सिंह ने कहा कि खेलों का मुख्य उद्देश्य छात्रों में टीम वर्क, अनुशासन और शारीरिक दक्षता विकसित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि छात्रों के सर्वांगीण विकास का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश यादव, एकेडमिक हेड रितु यादव और प्रधानाध्यापिका प्रियंका सरस्वती ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा मस्तिष्क के विकास का साधन है, तो शरीर के विकास का सर्वोत्तम साधन खेल हैं। खेलों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता और मित्रता की भावना जागृत होती है।

नए खेल मैदान की मिली सौगात 
इस आयोजन की एक और बड़ी उपलब्धि विद्यालय के नए खेल ग्राउंड का शिलान्यास रही, जिसे सभी छात्रों द्वारा किया गया। विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों के आपसी सहयोग तथा अनुशासन के बीच यह दो दिवसीय खेल महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page