रोजगार मेले में 536 युवाओं को मिली नौकरी, ऑफर लेटर पाकर खिले चेहरे


दीप प्रज्ज्वलित करते मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता
25 से अधिक कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1500 से ज्यादा युवाओं ने कराया पंजीकरण, 12 से 35 हजार रुपये तक मिलेगा मासिक वेतन
बाइट – गौरव सिंह (जिला सेवायोजन अधिकारी) गाजीपुर
जमानियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय गाजीपुर एवं हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय जमानियां के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया। रोजगार पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे 1500 से अधिक युवाओं में से 536 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर वितरित किए गए। नौकरी मिलने की खुशी से युवाओं के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर किया। इसके बाद प्रबंधक लछिराम सिंह यादव, प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह, प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री, प्रो. अरुण कुमार, संतोष पांडेय, अजय कुमार गुप्त एवं जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सरस्वती वंदना और हारमोनियम पर मधुर राग की प्रस्तुति ने माहौल को गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अभिषेक तिवारी ने किया।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी गौरव सिंह ने विभाग की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आउटसोर्सिंग पोर्टल, विदेशों में भर्ती के अवसर और करियर काउंसिलिंग की उपयोगिता बताई। साथ ही युवाओं को आगाह किया कि नौकरी पाने के लिए किसी भी बिचौलिए के झांसे में न आएं, क्योंकि रोजगार मेले की चयन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है।
महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार ऐसे मेलों का आयोजन जरूरी है। उन्होंने भविष्य में ‘सरकार आपके द्वार’ की तर्ज पर रोजगार मेले आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि जयप्रकाश गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को रोजगार से जोड़कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना विकसित भारत के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने युवाओं से स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ जनपद के बाहर भी रोजगार के अवसर तलाशने की अपील की। कहा कि काम छोटा हो या बड़ा, उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से करना चाहिए। उन्होंने सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराकर रोजगार मेलों की जानकारी प्राप्त करते रहने की सलाह दी।
रोजगार मेले में आठवीं, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया। चयनित युवाओं को 12 हजार से 35 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन पर रोजगार के अवसर मिले। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नौकरी मिलने पर युवाओं ने जिला प्रशासन, सेवायोजन विभाग और महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। अंत में प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने अतिथियों, कंपनी प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




