जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के जोगियामार के पास बीते 17 फरवरी को ड्यूटी पर जा रहे एक सफाई कर्मी की बाइक में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में सफाई कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके पैर की हड्डी टूट गई। अस्पताल में लंबा इलाज कराने के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की लिखित शिकायत दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने बुधवार को एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
करंडा थाना क्षेत्र के नौदर (गोशन्देपुर) गांव निवासी पीड़ित रमेश यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि वह दिलदारनगर थाना क्षेत्र के फुल्ली में पंचायत विभाग में सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं। 17 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। वह अपनी साइड में ही गाड़ी चला रहे थे कि सुबह लगभग 9:35 बजे जैसे ही वह पांडेय मोड़ होते हुए जोगियामार के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेजी और घोर लापरवाही से आ रहे दो बाइक सवार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रमेश यादव बाइक सहित सड़क पर जा गिरे, जिससे उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर आ गया। दर्द से कराहते हुए जब पीड़ित ने उन युवकों से उनका नाम पूछा, तो बाइक चला रहे युवक ने अपना नाम अवधेश यादव निवासी भरवलिया, थाना दिलदारनगर बताया, जबकि पीछे बैठे दूसरे युवक को उसने अपना रिश्तेदार बताया। इस बीच मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रमेश के अन्य साथी सफाई कर्मी और फुल्ली के ग्राम प्रधान भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पीड़ित को उसके रिश्तेदारों और साथियों ने तत्काल चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित रमादेवी फ्रैक्चर हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर में ले जाकर भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके टूटे हुए पैर में रॉड डाली है। इलाज के बाद कुछ हद तक स्वस्थ होने पर रमेश यादव ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को एक्स-रे और अन्य मेडिकल दस्तावेजों के साथ लिखित शिकायत दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।



