हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां में हिंदी दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन


जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां के हिंदी विभाग के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। तदुपरांत बीए प्रथम वर्ष की छात्रा द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र सिंह तथा डॉ. पंकज कुमार चौधरी तथा महाविद्यालय के प्रबंधक लछिराम सिंह यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संगोष्ठी में कृतकार्य आचार्य मदन गोपाल सिन्हा ने हिंदी की संवैधानिक स्थिति पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. पंकज कुमार चौधरी ने अपने उद्बोधन में समस्त प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा हिंदी की वर्तमान स्थिति, भाषा के आधार पर गठित राज्यों पंजाब, आंध्र प्रदेश एवं केरल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र सिंह ने हिंदी भाषा के विकास क्रम पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी दिवस मनाए जाने का उद्देश्य पूरे भारत में हिंदी भाषा को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी में पढ़ने, बोलने के साथ-साथ हिंदी का सम्मान एवं प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाषा मानव के अस्तित्व से जुड़ा विषय है और हिंदी की समृद्धि ही देश की समृद्धि है।
मुख्य अतिथि प्रो. अनिल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी भाषा का चयन कर छात्र लोक सेवा आयोग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने स्वरचित काव्य पाठ भी किया और विद्यार्थियों को हिंदी में पढ़ने, लिखने एवं बोलने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी छात्र-छात्राओं को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा शास्त्री ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संजय कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. अरुण कुमार, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. बिपिन कुमार, डॉ. संजय कुमार राय, डॉ. अरुण कुमार सिंह मनोज कुमार सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं परास्नातक हिंदी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



