
गाजीपुर। जिला अस्पताल में भर्ती ललिता देवी के लिए उस समय बड़ी चुनौती खड़ी हो गई जब कूल्हे के ऑपरेशन हेतु 4 यूनिट बी-पॉजिटिव ब्लड की तत्काल आवश्यकता पड़ी, लेकिन किसी भी ब्लड बैंक में यह ग्रुप उपलब्ध नहीं था।
ऐसे मुश्किल वक्त में मानवता की मिसाल पेश करते हुए थाना कोतवाली की गोराबाजार चौकी में तैनात कांस्टेबल विपुल पाठक ने आगे बढ़कर मदद की। व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए सूचना मिलने पर उन्होंने बिना देर किए संपर्क किया और स्वयं ब्लड बैंक पहुंचकर अपना बी-पॉजिटिव रक्तदान किया।
रक्तदान के बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मरीज ललिता देवी का हालचाल भी जाना। कांस्टेबल विपुल पाठक के इस सराहनीय कदम की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
संकट की घड़ी में इस तरह की पहल न केवल एक जिंदगी बचाती है, बल्कि समाज में मानवता और सेवा का मजबूत संदेश भी देती है।



